इजरायल के साथ सैन्य संबंध खत्म करे सरकार : माकपा (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने ईरान के खिलाफ 'एकतरफा सैन्य कार्रवाई' की आलोचना की है वहीं उसके पूर्व सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा है कि सरकार यदि सही मायने में इसको लेकर चिंतित है तो उसे इजरायल के साथ सैन्य संबंध खत्म कर लेना चाहिए।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस महासचिव एम. वीरप्पा मोइली ने कहा, "बातचीत के परिवेश को खत्म करने के लिए सभी पक्षों को सैन्य विकल्प और एकतरफा सैन्य कार्रवाई करने की बात से बचना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया क्षेत्र की समस्याओं और गूढ़ भू-राजनीतिक मुद्दों का सैन्य समाधान नहीं हो सकता।"
ईरान के साथ सांस्कृतिक संबंधों को याद करते हुए कांग्रेस ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने को कहा।
उधर, माकपा ने एक बयान जारी कर कहा, "ईरान को इजरायल और अमेरिका द्वारा धमकाए जाने पर सरकार द्वारा व्यक्त की गई चिंता ठीक है।"
लेकिन उसने यह भी कहा कि सरकार की यह चिंता तभी विश्वसनीय साबित होगी जब सरकार इजरायली सैन्य क्षमता को सहयोग नहीं करेगी।
माकपा ने कहा कि इस साल जनवरी में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान परिषद (इसरो)ने इजरायली जासूसी उपग्रह 'टेक्सर' को लांच किया था।
बयान के मुताबिक इजरायल और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित इस उपग्रह का इस्तेमाल ईरान पर निगरानी रखने के लिए किया जा रहा है और यदि ईरान पर हमला होता है तो इस उपग्रह की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो।
बयान में कहा गया है कि यदि मनमोहन सिंह की सरकार सही मायने में ईरान पर सैन्य हमले को लेकर चिंतित है तो उसे इस श्रेणी के दो और उपग्रहों के प्रक्षेपण की योजना को रद्द कर इजरायल के साथ सैन्य संबंध खत्म कर देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
