देश के 61 शहरों में होगा गैस वितरण नेटवर्क
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। देश के 61 शहरों में गैस वितरण नेटवर्क (सीजीडी) स्थापित करने के लिए कुछ कंपनियों ने रुचि दिखाई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
देवड़ा ने कहा कि वितरण नेटवर्क बनाने और संचालित करने के लिए कंपनियों का चुनाव पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। वे पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के नए परिसर का उद्घाटन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कृष्णा-गोदावरी बेसिन में गैस के नए क्षेत्र की खोज से देश में गैस के भंडार में इजाफा हुआ है। गैस पाइपलाइन नेटवर्क देश के हर हिस्से में स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गैस विनियामक बोर्ड गैस के एक्सेस कोड, सहबद्ध कोड और तकनीकी विनिर्देशों के नियमों का अनुमोदन करने की प्रक्रिया में है।
देवड़ा ने कहा, "मैं आश्वस्त हूं कि गैस विनियामक बोर्ड पूरे देश में सीजीडी नेटवर्क का व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करेगा। इससे गैस की मार्केटिंग में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और पूरे देश में सुरक्षा के समान मानदंड अपनाए जा सकेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
