वाम दलों ने भाजपा के लिए जगाई उम्मीदें : वयालार रवि
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा है कि वाम दलों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहायता करने की ठान, राम मंदिर बनाने समेत उसके सारे सपनों को साकार बनाने के रास्ते में नई उम्मीदें जगा दी है।
संसदीय कार्यमंत्री वयालार रवि ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर नए सिरे से हमला बोलते हुए संसद भवन में पत्रकारों से कहा, "माकपा महासचिव प्रकाश करात का कांग्रेस विरोधी रुख भाजपा को फायदा पहुंचाएगा। इससे उसकी उम्मीदें सातवें आसमान पर पहुंच गई है और वह अब विवादास्पद स्थान पर राम मंदिर बनाने के सपने संजोने लगी है।"
माकपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा विश्वास मत के दौरान भाजपा के साथ सरकार के खिलाफ मतदान करने के पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सवाल उठाने के बाद वयालार रवि ने मंगलवार को यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री सुभाष चक्रवर्ती ने भाजपा के साथ खड़े होकर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के खिलाफ मतदान करने के पार्टी नेतृत्व के फैसले पर असहमति जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
