कैमिला ने दिलाई डायना की याद
लंदन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। 'डचेज ऑफ कॉर्नवैल' कैमिला ने एक सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान छद्मावरण जैकेट पहनकर दो दशक पूर्व राजकुमारी डायना के शाही दौरे की याद दिला दी।
साठ साल की उम्र में भी कैमिला उस भारी-भरकम वर्दी को पहनने में जरा भी नहीं हिचकिचाईं। विलशायर के बुलफोर्ड कैंप के आसपास 15 टन के बुलडॉग सशस्त्र वाहन पर भी युद्धाभ्यास के दौरान वे बैठीं।
युद्धाभ्यास के दौरान आग की लपटें उठते ही वे कूद पड़ीं। जल्दी ही सैनिकों के साथ वे घुलमिल भी गईं।
दैनिक समाचार पत्र 'डेली मेल' से उन्होंने कहा कि यह सब देख पाना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है। द राइफल्स के चौथी बटालियन के शाही कर्नल के रूप में कैमिला उस छावनी में पहुंची थीं।
कमांडिंग अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रुपर्ट जोंस ने छावनी में उनका अभिवादन किया। इसके बाद वे 650-मजबूत बटालियन के कुछ सिपाहियों को शौर्य पुरस्कार देने पहुंचीं, जिन्होंने इराक युद्ध के दौरान पिछले साल चार सिपाहियों को खो दिया था, जबकि 74 घायल हो गए थे।
कैमिला का यह दौरा 1985 में राजकुमारी डायना के एक अन्य शाही दौरे की याद दिला गया, जब बर्लिन में अपने दौरे के दौरान डायना ने पहली बटालियन रॉयल हैम्पशायर रेजिमेंट में टैंक चलाने के निर्देशों का पालन भी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
