पटना सड़क हादसे के पीड़ितों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा
पटना, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिले के आलमगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को बतौर मुआवजा एक-एक लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की। इसमें 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष व 50 हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से दिए जाएंगे।
नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुआवजे की घोषणा करते हुए कहा कि सहायक जिला दंडाधिकारी (एडीएम) स्तर के एक अधिकारी के नेतृत्व में गठित समिति इस दुर्घटना की जांच करेगी। मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि एक-एक लाख रुपये के अतिरिक्त मृतकों के परिवारों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ के तहत 10-10 हजार रुपये तत्काल दिए जाएंगे और सरकारी खर्च पर सभी मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दूसरी तरफ केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने भी मंगलवार को दुर्घटनास्थल का दौरा किया और मृतकों के परिजनों को निजी तौर पर एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। पासवान ने दुर्घटना के लिए सीधे तौर पर नीतीश सरकार को दोषी ठहराया है।
उल्लेखनीय है कि पटना के अदमकुआं क्षेत्र में सोमवार देर रात एक जीप के नाले में गिर जाने से 20 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 10 महिलाएं और 9 बच्चे शमिल थे। पटना के जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंहा ने बताया कि जीप एक शादी समारोह से लौट रहे लोगों को लेकर फुलवारीशरीफ जा रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
