भोपाल में पुलिस की पिटाई, 36 गिरफ्तार
भोपाल, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार की देर रात को गांधी मेडिकल कालेज के छात्रों और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई की तथा पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को चिकित्सा छात्रों सहित कुल 36 लोगों की गिरफ्तारी की।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात को कोहफिजा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों में टक्कर के बाद मारपीट हुई। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने विवाद होते देखा तो उन्होंने बीच बचाव किया और घायल को हमीदिया अस्पताल ले गए। घायल चिकित्सा महाविद्यालय का छात्र था जिससे चिकित्सा छात्रों को लगा कि उनके साथी की पिटाई पुलिस ने की है। इससे खफा इन छात्रों ने चार पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा और पुलिस वाहनों को भी क्षति पहुंचाई।
कोहफिजा थाने के प्रभारी एम़ आऱ खान ने आईएएनएस को बताया कि इस घटना में शामिल नामजद पांच प्रमुख आरोपियों पवन गुप्ता, विनय शिवहरे, महेंद्र, अक्षय जैन और अभिषेक जैन के अलावा 31 अन्य लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर घायल चारों पुलिस वालों का इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
