उप्र में बेटी, दामाद और नाती की हत्या
लखीमपुर खीरी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तीन वर्ष पहले घर से भागकर शादी करने वाली एक युवती से नाराज उसके घरवालों ने कथित तौर पर सोमवार देर रात युवती, उसके पति और बेटे की हत्या कर दी। पुलिस नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक रामभरोसे ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि हैदराबाद थाना क्षेत्र के मुता गांव में निशा के घरवालों ने कथित तौर पर धारदार हथियारों से निशा, उसके पति और पुत्र की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि निशा ने तीन वर्ष पहले घर से भागकर उमाकांत नामक युवक से शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों पहली बार सोमवार को गांव लौटे थे। घटना के बाबत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
