डूंगरपुर के एक गांव के लिए पुलिया बनेगी वरदान

जयपुर, 12 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के साबली गांव (अहारीफला) के 120 आदिवासी परिवार इन दिनों इस बात से बेहद खुश हैं कि अब उन्हें ग्राम पंचायत अथवा गांव के नदी के उस पार तक अपने परिजनों के यहां पहुंचने के लिए नदी के पानी से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। जिले की बिछीवाड़ा पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत साबली के अहारीफला के निवासियों को प्राप्त होने वाली इस खुशी का सूत्रधार बनने वाली है राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) के अंतर्गत सापण नदी पर बनने वाली पुलिया।

योजना के तहत इन दिनों बन रही पुलिया से इस बस्ती में रहने वाले न केवल 120 आदिवासी परिवार अपितु नदी के दूसरी पार रहने वाले ग्रामीण भी कई प्रकार की परेशानियों से मुक्त हो जाएंगे। इसके पहले नदी पार स्थित स्कूल, ग्राम पंचायत और खेतों तक पहुंचने के लिए छात्रों और ग्रामीणों को नदी में बारहों मास रहने वाले घुटनों-घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ता था।

इसी प्रकार नदी के उस पार स्थित खेतों से फसल लाने, ग्राम पंचायत तक मजदूरी का भुगतान लेने और शहर में किसी कार्य से जाने में भी नदी का जलप्रवाह बड़ी बाधा बन जाता था। सर्वाधिक बुरी स्थिति तो तब होती थी, जब वर्षा ऋतु में नदी लबालब बहती हो। ग्रामीणों के अनुसार कई बार जान जोखिम में डालते हुए उस पार तैरकर जाना पड़ता था।

हर दिन हर पल इस पीड़ा को झेलते ग्रामीणों के लिए ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत 24 लाख 17 हजार रुपयों की लागत से बनने वाली पुलिया के साथ सड़क जब स्वीकृत हुई, तो ग्रामीणों में उत्साह छा गया। बस उसी दिन से सभी ग्रामीण खुशी-खुशी इस काम पर आने लगे। तपती धूप में कड़ी मेहनत से समीप की एक पहाड़ को खोदकर सड़क के लिए मिट्टी डालते ग्रामीणों के दिल में जहां इस कार्य से मिलने वाली मजदूरी के प्रति आशा थी, वहीं वर्षो से भोगने वाली पीड़ा से मुक्ति मिलने का सुकून भी था।

अहारीफला में रहने वाली ग्राम पंचायत की पूर्व पंच मणिदेवी का कहना था कि नदी में पानी रहने की स्थिति में गांव में जब तब होने वाले प्रसव के लिए गर्भवतियों को उस पार ले जाने में काफी परेशानियां होती थीं। सड़क व पुलिया के अभाव में इस स्थान पर कोई भी वाहन नहीं आ पाता था। ऐसे में परिजनों की मुश्किलें और भी बढ़ जाती थीं।

उन्होंने कहा कि अब गांव में मोबाइल हो गए हैं, तो एक फोन करते ही वाहन सड़क मार्ग से पुल पार करता हुआ अहारीफला तक आसानी से आ जाएगा। वे बताती हैं कि इन दिनों इस काम में गांव से बड़ी तादाद में महिलाएं भी लगी हुई हैं और दिनभर के काम से उनको इस बात की खुशी है कि वे गांव व अपनी सुविधा के लिए ही इतनी कड़ी मेहनत कर रही हैं।

गौरतलब है कि आठ मई से प्रारंभ हुए पुलिया व सड़क निर्माण कार्य पर श्रम मद पर 10 लाख 40 हजार रुपये तथा सामग्री मद पर 13 लाख 77 हजार रुपयों की स्वीकृति हुई है। फिलहाल यह कार्य प्रगति पर है और आगामी कुछ दिनों में पुल निर्माण पूरा हो जाएगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+