वामपंथियों के बिहार बंद का मिला-जुला असर
पटना, 10 जून (आईएएनएस)। बढ़ती महंगाई एवं पिछले दिनों पेट्रोलियम पदाथरें के मूल्यों में की गई वृद्धि के खिलाफ विभिन्न वामपंथी पार्टियों द्वारा आज बिहार बंद का मिला-जुला असर देखा गया।
लंबी दूरी तक चलने वाली बसें आज खड़ी रहीं, जबकि सरकारी व निजी कार्यालयों में अन्य दिनों की अपेक्षा कर्मचारियों की उपस्थिति कम रही। बिहार राज्य पुलिस विभाग के प्रवक्ता अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य में कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि राज्य के पटना सहित विभिन्न जिलों में सैकड़ों बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया गया जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। बंद समर्थकों ने सासाराम में लगभग दो घंटे के लिए जीटी रोड को भी जाम कर दिया था जिससे इस सड़क पर भी यातायात व्यवस्था चरमरा गई थी।
उधर, बंद समर्थकों ने आज बक्सर में राष्ट्रीय राज मार्ग-28 तथा बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय राज मार्ग-31 को भी जाम कर दिया, जिससे कुछ घंटों के लिए आवागमन बाधित हो गया।
बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर कुछ देर के लिए बंद समर्थकों ने रेलवे ट्रैक को जाम किया था, लेकिन कुछ लोगों की गिरफ्तारी के बाद स्थिति सामान्य हो गई। उधर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के सचिव उमेश सिंह ने इस बंदी को पूर्णत: सफल बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications