इलाहाबाद में 10 हजार का ईनामी अपराधी गिरफ्तार
इलाहाबाद, 10 जून (आईएएनएस)। इलाहाबाद पुलिस और विशेष कार्रवाई दस्ता (एसओजी) ने आज 10 हजार रुपये के ईनामी अपराधी रामलोचन और उसके एक साथी को दो विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है।
इलाहाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रामलोचन यादव नाम के शातिर अपराधी को पुलिस ने आज इलाहाबाद के धूमनगंज इलाके में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इसके पास से इटली निर्मित एक अवैध पिस्तौल, 10 कारतूस और एक लाइसेंसी रायफल (315 बोर) तथा एक दोनाली बंदूक (12 बोर) बरामद की है।
इसके अलावा रामलोचन के साथी मुन्ना यादव के पास से पुलिस ने चीन निर्मित एक अवैध पिस्तौल और पांच कारतूसों को भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामलोचन यादव इलाहाबाद का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध हत्या, धमकाने और अवैध कब्जा के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि रामलोचन को जिले के टॉप पांच अपराधियों के तौर पर चिंहित करते हुए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
