एमसीएक्स में सोना व चांदी डालर के दबाव में टूटे
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। डालर में मजबूती के मद्देनजर घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स में सोने व चांदी की कीमतों में नरमी देखी जा रही है। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज के कामेक्स डिवीजन में सोने में कल आई गिरावट से भी सोना व चांदी का घरेलू वायदा कमजोर चल रहा है।
कामेक्स डिवीजन में सोमवार को सोने का अगस्त वायदा 90 सेंट की गिरावट से 898.10 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। चांदी का जुलाई वायदा भी 22 सेंट की नरमी से 17.21 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। एशियाई हाजिर बाजार में भी सोना गिरकर 890 डालर प्रति औंस के आस -पास चल रहा है। डालर के मुकाबले आज एक यूरो 1.5578 डालर प्रति यूरो के निचले स्तर पर दर्ज किया गया।
एमसीएक्स में आज सोने का अगस्त वायदा 12,397 रुपये प्रति दस ग्राम पर खुला और 12,272-12,399 रुपये प्रति दस ग्राम के बीच कारोबार करते हुए फिलहाल 112 रुपये की नरमी से 12,318 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किया गया।
चांदी का जुलाई वायदा भी 24,080 रुपये प्रति किलो पर खुला और 23,841-24,130 रुपये प्रति किलो के बीच कारोबार करते हुए फिलहाल 268 रुपये की नरमी से 23,909 रुपये प्रति किलो देखा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications