मलेशिया में कम रहे हैं भारतीय मूल के लोग : वेलू
कुआलालंपुर, 10 जून (आईएएनएस)। मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की संख्या कम हो रही है। फिलहाल यहां 7.8 प्रतिशत भारतीय मूल के लोग हैं जबकि पहले इस देश में उनकी जनसंख्या 8 प्रतिशत से अधिक थी। यदि मौजूदा प्रवृत्ति जारी रही तो जल्दी ही यह आंकड़ा सात प्रतिशत से नीचे चला जाएगा।
समाचार पत्र 'तमिल नेशन' ने अपने मंगलवार के संस्करण में मलेशिया की सरकार में पूर्व मंत्री और मलेशियन इंडियन कांग्रेस (एमआईसी) के अध्यक्ष एस. सामी वेलू के हवाले से कहा है कि मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की संख्या घटने की वजह यह है कि इस समुदाय के लोगों के लिए किए जाने वाले खर्च में सरकार ने कटौती कर दी है। शिक्षा और नौकरियों में भी उन्हें पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हो पाते।
वेलू ने कहा कि इस प्रवृत्ति को रोकने के उपाए किए जाने चाहिए। उन्होंने ध्यान दिलाया कि स्थानीय सरकार ने विकास कोष का आवंटन प्रत्येक जातीय समुदाय की जनसंख्या के आधार पर किया है। इसलिए यदि जनसंख्या घटती है तो भारतीय मूल के लोगों के विकास के लिए कम धन उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि मलेशिया के कुल 2.8 करोड़ जनसंख्या में भारतीय मूल के लोगों की संख्या लगभग 25-26 लाख है जिनमें 20 लाख से ज्यादा तमिल हैं। लेकिन वेलू का कहना है कि यह अनुपात धीरे धीरे घट रहा है।
भारतीय मूल के लोगों का कहना है कि मलेशिया में शिक्षा और नौकरियों के मामले में उनके साथ भेदभाव बरता जाता है। उनका कहना है कि यहां के संविधान में बहुसंख्यक मलय समुदाय के लोगों को विशेषाधिकार मिले हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications