पाक में बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली को लेकर वकीलों का लांग मार्च जारी
इस्लामाबाद, 10 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान में आपातकाल के दौरान बर्खास्त किए गए 60 से अधिक न्यायाधीशों की बहाली को लेकर वकीलों का चार दिवसीय 'लांग मार्च' मंगलवार को दक्षिणी शहर सक्खर से मुल्तान की ओर रवाना हो गया।
तेज गर्मी के बावजूद सैकड़ों वकील राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। जुलूस में शामिल लोगों के हाथों में सर्वोच्च न्यायालय के बर्खास्त न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी के पोस्टर हैं।
वकीलों का यह लांग मार्च सिध प्रांत की राजधानी कराची से सोमवार को शुरू हुआ है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यह जुलूस अंत में राजधानी इस्लामाबाद पहुंचेगा।
माना जा रहा है कि बर्खास्त मुख्य न्यायाधीश मंगलवार को मुल्तान में जुलूस में शामिल वकीलों को संबोधित करेंगे। इस्लामाबाद स्थित अपने आवास से वे अपने सकड़ों समर्थकों के साथ रवाना हो गए हैं।
जुलूस के मद्देनजर इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। प्रेक्षकों का मानना है कि वकीलों के इस प्रदर्शन से न्यायाधीशों की बहाली को लेकर सरकार पर दबाव बनेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications