भारत में रोजगार के सर्वश्रेष्ठ अवसर
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। वर्ष 2008 की दूसरी तिमाही के दौरान भारत में जितने लोगों को रोजगार मिला, उतने रोजगार के अवसर किसी भी अन्य देश में उपलब्ध नहीं कराए गए।
वैश्विक नियोक्ता कंपनी 'मैनपावर' द्वारा 32 देशों में कराए गए सर्वेक्षण में यह बात सामने निकलकर आई है कि 45 फीसदी से ज्यादा भारतीय कंपनियों में जुलाई, अगस्त व सितंबर 2008 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में अन्य देशों के मुकाबले सर्वाधिक वृद्धि दर्ज की गई।
सर्वेक्षण के अनुसार किसी भी अन्य देश में समीक्षाधीन अवधि के दौरान इतने व्यापक स्तर पर रोजगार उपलब्ध नहीं कराए गए। पिछले सर्वेक्षण में प्रथम दो स्थान पर रहने वाले देश सिंगापुर व पेरू में इसी अवधि के दौरान वैश्विक मंदी की वजह से रोजगार के अवसर में कमी आई।
ताजा सर्वेक्षण में सिंगापुर व पेरू को क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान हासिल हुआ है। वैश्विक स्तर पर देखें तो अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेानीय उपलब्धियों के बावजूद स्पेन व चीन में रोजगार के अवसर में भारी गिरावट आई।
सर्वेक्षण के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि के दौरान भारत में रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। समीक्षाधीन अवधि के दौरान कुल उपलब्ध कराए गए संगठित अवसरों में देश के सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 59 फीसदी रही। लोक प्रशासन व शिक्षा क्षेत्रों की हिस्सेदारी 25 फीसदी तक सीमित रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications