शिवराज सिंह सप्ताह में एक दिन करेंगे साइकिल की सवारी
भोपाल, 10 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में की गई वृद्धि के विरोध का निराला तरीका अपनाया है। इसके लिए वे हफ्ते में एक दिन कार की जगह साइकिल की सवारी करेंगे और इसकी शुरुआत भी उन्होंने कर दी है। उन्होंने लोगों से भी साइकिल की सवारी करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज अपने श्यामला हिल्स आवास से मंत्रालय तक की लगभग पांच किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। हालांकि उन्हें कई बार साइकिल से उतरकर पैदल चलना पड़ा। मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी भी साइकिल पर सवार थे। मुख्यमंत्री के साथ अन्य किसी मंत्री ने साइकिल की सवारी नहीं की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्यों में हुई वृद्धि से आम आदमी के साथ सरकार भी प्रभावित हुई है। वे चाहते हैं कि डीजल व पेट्रोल के उपयोग में कमी लाने के लिए जरूरी है कि 'फिजूलखर्ची' पर रोक लगाई जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे सप्ताह में एक दिन अपने निवास से मंत्रालय तक का सफर साइकिल से तय करेंगे। यह फैसला उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications