मीठी नींद सोती हैं खुशहाल वैवाहिक जीवन बिताने वाली महिलाएं
वाशिंगटन, 10 जून (आईएएनएस)। खुशहाल वैवाहिक जीवन बिताने वाली महिलाएं उन महिलाओं की तुलना में ज्यादा मीठी और सुकून भरी नींद सोती हैं, जो अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं हैं।
एक नए अध्ययन में पाया गया कि खुशहाल वैवाहिक जीवन बिताने वाली महिलाओं की नींद आसानी से पूरी हो जाती है।
पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय ने औसतन 46 वर्ष की 1,938 विवाहित महिलाओं पर यह शोध किया।
इस अध्ययन में उनके शादीशुदा जीवन की खुशियों, नींद की गुणवत्ता, नींद आने में परेशानी और सुबह जल्दी उठने जैसी कई बातों को सम्मिलित किया गया।
अध्ययन से स्पष्ट हो गया है कि खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहीं महिलाओं में अन्य की तुलना में नींद से जुड़ी परेशानियां कम रहती हैं।
प्रमुख शोधकर्त्ता वेंडी एम. ट्रोक्सेल ने कहा, "तलाकशुदा महिलाओं को नींद से जुड़ी समस्याएं अधिक होती है।"
अध्ययन के मुताबिक महिलाओं के स्वास्थ्य पर उनकी नींद का विशेष प्रभाव पड़ता है। यदि वे अपनी नींद पूरी कर पाती हैं तो अपने जीवन की गुणवत्ता बढ़ा सकती हैं। साथ ही अपने रिश्तों को भी बेहतर बनाए रख पाती हैं।
इन दिनों महिलाएं अवसाद और मानसिक तनाव की शिकार ज्यादा हो रही हैं। इससे उनकी नींद भी प्रभावित हो रही है। इस समस्या से उबरने के लिए जरूरी है कि वे पूरी नींद लें। शोध में यह भी बताया गया है कि महिलाओं को नींद पूरी करने के लिए 7 से 8 घंटे का समय लगता है।
इस अध्ययन के नतीजे सोमवार को स्लीप एसोसिएटेड प्रोफेशन स्लीप सोसायटीज की 22वीं वार्षिक बैठक 'स्लीप 2008' में जारी किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications