राज्य पुलिस प्रमुख बसपा के एजेंट : भाजपा
लखनऊ, 10 जून (आईएएनएस)। सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक मंत्री व समर्थकों द्वारा महाराजगंज में एक थाने पर किए गए हमले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा़ रमापति राम त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह बसपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आज महाराजगंज थाने की घटना में मारे गए सिपाही के पैतृक गांव पनइल जिला मऊ गए थे। उन्होंनें मारे गये सिपाही के परिजनों और क्षेत्रीय जनता से संवाद करने के बाद पूरी घटना की सीबीआई जांच की मांग की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरा सरकारी तंत्र इस मामले में अभियुक्तों को बचाने में जुटा हुआ है। ऐसे में स्थानीय पुलिस तंत्र से निष्पक्ष विवेचना की उम्मीद नहीं की जा सकती। एक मंत्री द्वारा समर्थकों के साथ पुलिस थाने पर हमला और सिपाही की हत्या असाधारण हिंसा है।
डा़ त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने छोटे-छोटे तमाम मसलों को सीबीआई जांच के लिये भेजा है। पूरी राज्य पुलिस को दहशत में डालने वाली इस घटना की सीबीआई जांच की अनुशंसा वह क्यों नहीं करतीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications