उप्र के पूर्व मंत्री आनंदसेन हो सकते हैं गिरफ्तार
लखनऊ , 10 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश में शशि प्रकरण में नाम उछलने के बाद मायावती मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है।
इतना ही नहीं आनंद और उनके सांसद पिता मित्रसेन यादव की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से विदाई भी तय मानी जा रही है।
बसपा में उच्च पदस्थ सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि आनंदसेन को शीघ्र ही बसपा से बाहर किया जाएगा। आनंद सेन फैजाबाद की मिल्कीपुर सीट से विधायक हैं, जबकि उनके पिता फैजाबाद से लोकसभा सदस्य हैं।
शशि प्रकरण में सीमा आजाद की गिरफ्तारी के बाद आया नाटकीय मोड़ बसपा से जुड़े इस पिता-पुत्र पर भारी पड़ने वाला है। सीमा के बयान और आनंदसेन के चालक विजय सेन के नाकरे टेस्ट के बाद राज्य के पूर्व मंत्री के इर्द गिर्द पुलिस का शिकंजा कसना महज वक्त की बात है।
उल्लेखनीय है कि गत अक्टूबर में विधि की छात्रा शशि लापता हो गयी थी। माना जाता है कि शशि और आनंदसेन के बीच अंतरंग संबंध थे। शशि के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त करते आनंदसेन को जिम्मेदार ठहराया था। घटना में नाम आने के बाद मायावती ने आनंदसेन से इस्तीफा ले लिया था।
सूत्रों का कहना है कि बसपा नेतृत्व ने मित्रसेन यादव का टिकट काटने का भी फैसला कर लिया है और इसकी जानकारी यादव को भी है। उन्होंने दो दिन पहले अपने समर्थकों के साथ बैठक कर इस बाबत चर्चा भी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications