पाक विदेश मंत्री 27 जून को आएंगे भारत
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी इस महीने की 27 तारीख को भारत की तीन दिन की यात्रा पर आएंगे।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और कुरैशी के बीच 27 जून को ही द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में अगले महीने दोनों देशों के बीच होने वाले समग्र वार्ता के पांचवें दौर के बारे में चर्चा होगी।
कुरैशी इस दौरान चंडीगढ़ और अजमेर का दौरा भी कर सकते हैं। एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया,
"कुरैशी की यात्रा के संबंध में पाकिस्तान की ओर से सुझाई गई की तारीखे भारत सरकार ने मंजूर कर ली हैं।"
विदेश मंत्री बनने के बाद कुरैशी की यह पहली भारत यात्रा होगी। माना जा रहा है कि वे इस दौरान अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह भी जाएंगे।
अपनी यात्रा के दौरान कुरैशी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी मुलाकात करेंगे। कुरैशी की विपक्ष के कुछ नेताओं से भी मुलाकात की योजना है। अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान वह भारत के प्रमुख उद्योगपतियों से भी भेंट करेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान कुरैशी दोनों ओर से पंजाब के बीच सहयोग मजबूत बनाने के उदेश्य से चंडीगढ़ भी जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले महीने विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने पाकिस्तान का दौरा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications