सोनिया ने जैकब जुमा से हाथ मिलाया
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस और केंद्र में सत्ताधारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दक्षिण अफ्रीका के सत्ताधारी पार्टी अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस के प्रमुख जैकब जुमा के साथ राजीनितक संबंधों को गति देने के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया है।
नई दिल्ली के 10 जनपथ स्थित सोनिया गांधी के निवास पर हुए इस समझौते के साथ ही दुनिया के दो सबसे पुराने राजनीतिक दलों के बीच राजनीतिक लेनदेन का रास्ता खुल गया है।
सहमति पत्र पर हस्ताक्षर के पहले जुमा ने सोनिया के साथ भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय मुद्दों समेत राजनीतिक और आर्थिक मसलों पर चर्चा की।
इससे पहले सोमवार को जुमा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच आर्थिक और रानीतिक संबंधों पर चर्चा की थी।
उल्लेखनीय है कि जुमा को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति थाबो मबेकी का उत्तराधिकारी माना जाता है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले वर्ष होने वाले राष्ट्रीय चुनावों के बाद वे वहां के राष्ट्रपति बन जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications