औषधि निर्माण क्षेत्र में काफी हैं रोजगार के अवसर
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। औषधि स्वास्थ्य की देखभाल का अंतर्भूत अंग है हालांकि 'इलाज से परहेज बेहतर' उक्ति दवा से दूर रहने की सलाह देती है लेकिन यह दुष्कर कार्य है। चाहे सिरदर्द की आम दवा हो या तंदुरुस्ती के लिए मामूली गोली हो या फिर कैल्सियम की गोलियां - हर व्यक्ति को कभी न कभी इनके इस्तेमाल की जरूरत पड़ती है।
दवा तैयार करना, विनिर्माण तथा वितरण स्वास्थ्य देखभाल का महत्वपूर्ण पहलू है, जहां औषधिविद् महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्राय: विभिन्न दवाओं के संघटन तथा कार्यो का अध्ययन करता है। दवा के क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रगति के कारण आज औषधिविदों की मांग बढ़ गई है। ये नई दवाओं के समुचित प्रयोग के लिए चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य परिचर्या क्षेत्र के व्यवसायियों से परामर्श करते हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में फार्मासिस्ट की मांग है। ये औद्योगिक, अनुसंधान, रिटेल, अस्पताल के फार्मेसिस्ट रूप में, चिकित्सा प्रतिनिधि या सरकारी क्षेत्र में कार्य कर सकते हैं।
औद्योगिक फार्मासिस्ट- फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में अनेक कंपनियां शामिल हैं। ये कंपनियां हजारों लोगों को काम पर रखती हैं। फार्मेसी स्नातक कंपनी के किसी भी विभाग में कार्य कर सकता है। उत्पादन कार्य में विनिर्माण, समुचित पैकिंग, स्टोरेज और लॉजिस्टिक की बैच प्रक्रिया का प्रबंधन तथा सैटअप कार्य शामिल है। अनेक कंपनियां नई दवाएं तथा फॉर्मूले तैयार कर रही हैं। क्लीनिकल परीक्षण तथा गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में फार्मासिस्ट शामिल होते हैं, ताकि रोग के उपचार में दवा का प्रभावी इस्तेमाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अनुसंधान फार्मासिस्ट- अनेक कंपनियों ने अंत: परिसर (इन-हाउस) अनुसंधान पर अधिक ध्यान देने के लिए अनुसंधान तथा विकास बजट बढ़ा दिया है। अनुसंधान तथा विकास क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति करनेवाली कुछ प्रमुख भारतीय कंपनियों में रेनबेक्सी, डा. रेड्डी लैब तथा ऑर्चिड केमिकल्स शामिल हैं।
दवा अनुसंधान में कार्यरत सरकारी संगठनों में केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान, लखनऊ; राष्ट्रीय रसायन प्रयोगशाला, पुणे तथा भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, हैदराबाद हैं। अनुसंधान फार्मासिस्ट नई दवा के अणु की खोज तथा विकास और उनके विनिर्माण में प्रयुक्त प्रक्रियाओं में प्रमुख भूमिका निभाता है।
रिटेल फार्मासिस्ट- रिटेल फार्मासिस्ट की अपनी केमिस्ट शॉप होती है तथा दवाओं के भंडार होते हैं। ये चिकित्सक और स्वास्थ्य व्यवसायियों द्वारा निर्धारित दवाएं तैयार करते हैं तथा वितरित करते हैं। इसके लिए फार्मासिस्ट के पास दवाओं एवं उनके प्रभाव की अच्छी जानकारी होनी चाहिए।
अस्पताल फार्मासिस्ट- अस्पताल एवं क्लीनिक द्वारा नियुक्त ये फार्मासिस्ट अस्पताल में विभिन्न दवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी उत्पादों के प्रापण, भंडारण और वितरण के लिए जिम्मेदार होते हैं। इन्हें दैनिक आवश्यकता तथा स्टॉक का लेखा-जोखा रखना पड़ता है। ये जीवन-रक्षक दवाओं और चिकित्सा संबंधी उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं।
चिकित्सा प्रतिनिधि (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव)- फार्मास्यूटिकल वस्तुओं के विनिर्माण में कार्यरत कंपनियां चिकित्सा प्रतिनिधि रखती हैं। इनका कार्य स्वास्थ्य की देखभाल के विशेषज्ञों को, विशेष तौर पर चिकित्सा व्यवसायियों को अपनी कंपनी के नए उत्पाद, उनके लाभ, दुष्प्रभाव तथा अन्य ब्योरों की जानकारी देना होता है। इसके लिए चिकित्सा प्रतिनिधि में तकनीकी ज्ञान और बिक्री संबंधी कौशलों का मेल होना चाहिए।
सरकारी नौकरियां- सरकारी अस्पतालों तथा स्वास्थ्य केंद्रों में सरकार द्वारा फार्मासिस्ट की नियुक्ति की जाती है। विभिन्न राज्य सरकारों के खाद्य एवं दवा प्रशासन (एफडीए) विभाग में भी नौकरियां उपलब्ध हैं।
फार्मेसी क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए आवश्यक है कि आप में विज्ञान तथा चिकित्सा विषयों को लेकर रुचि होनी चाहिए। साथ ही मेहनत, दृढ़ तार्किक विचारणा, धर्य तथा जिम्मेदारी की भावना होनी चाहिए। इसके अलावा विश्लेषणात्मक योग्यता और अच्छा शैक्षिक आधार होना जरूरी है। आप में उत्तम संप्रेषण योग्यता तथा लोगों को अपनी बात समझाने का कौशल भी होना चाहिए।
जहां तक शैक्षणिक योग्यता का सवाल है, विज्ञान विषयों के साथ सीबीएससीई या समतुल्य परीक्षा 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो। साथ ही भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान तथा अंग्रेजी में अर्हक परीक्षा देनी होती है। कुछ जगहों पर गणित अतिरिक्त विषय है। न्यूनतम आयु सीमा सत्रह वर्ष है। प्राय: योग्य फार्मासिस्ट की भरती करनेवाली फार्मास्यूटिकल कंपनियां पांच हजार से आठ हजार रुपये के बीच प्रति माह वेतन देती हैं लेकिन समय के साथ-साथ वेतन में भी बढ़ोतरी हो जाती है।
(कैरियर संबंधी और अधिक जानकारी के लिए देखिए ग्रंथ अकादमी, नई दिल्ली से प्रकाशित ए. गांगुली और एस. भूषण की पुस्तक "अपना कैरियर स्वयं चुनें")
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications