मुंबई के लिए रोजाना दो बार उड़ान भरेंगे एयर अरबिया के विमान
दुबई, 5 जून (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की विमानन कंपनी एयर अरबिया ने घोषणा की है कि आठ जून से मुंबई के लिए उसके विमान रोजाना दो बार उड़ान भरेंगे।
एयर अरबिया के वाणिज्य विभाग के प्रमुख ए.के. निजर ने एक बयान में कहा, "मौजूदा समय में काफी संख्या में प्रवासी भारतीय यूएई और गल्फ को -आपरेशन काउंसिल (जीसीसी) में रहते हैं। हमारी सेवा विस्तार से इन्हें बहुत फायदा होगा।"
उन्होंने कहा, "इस कदम से विशाल भारतीय बाजार और मुंबई शहर के प्रति हमारी प्रतिबद्धता परिलक्षित होती है।" उन्होंने कहा कि यूएई में 15 लाख अप्रवासी भारतीय रहते हैं।
नए कार्यक्रम के मुताबिक कंपनी की किफायती सेवा वाला विमान शारजाह से स्थानीय समय के अनुसार शाम 4.36 बजे उड़ान भरेगा और रात 9.00 बजे मुंबई पहुंचेगा। वापसी में यह विमान मुंबई से रात 9.45 बजे उड़ान भरेगा और स्थानीय समय के अनुसार रात 11.05 बजे शारजाह पहुंचेगा।
कंपनी का दूसरा विमान स्थानीय समय के अनुसार शारजाह से रात में 11.35 बजे उड़ान भरेगा और अगले दिन सुबह 4.45 बजे मुंबई पहुंचेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications