मध्यप्रदेश में शिवराज ने चार नए मंत्री बनाए
भोपाल, 5 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज आखिरकार अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार कर ही लिया। अपनी मंत्रिपरिषद में उन्होंने चार नए चेहरों को शामिल किया है। एक को उन्होंने कैबिनेट मंत्री तथा तीन को राज्यमंत्री बनाया है।
राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल बलराम जाखड़ ने सभी चार मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सीधी के विधायक जगन्नाथ सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जबकि छतरपुर के विधायक रामदयाल अहिरवार, सागर के विधायक नारायण कबीरपंथी और झाबुआ की विधायक निर्मला भूरिया को राज्यमंत्री बनाया गया हैं। इन चार नए मंत्रियों के शामिल होने से मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या 33 हो गई है। जिनमें 21 कैबिनेट और 12 राज्यमंत्री हैं।
शपथ लेने वाले चार मंत्रियों में से रामदयाल अहिरवार और नारायण कबीर पंथी बुन्देलखंड क्षेत्र से आते हैं जबकि जगन्नाथ सिंह का विंध्य क्षेत्र से नाता है। निर्मला भूरिया मालवा क्षेत्र से निर्वाचित हैं। इस तरह मंत्रिपरिषद विस्तार में बुन्देलखंड को सबसे ज्यादा तरजीह दी गई है और यहां के दो विधायकों को मंत्री बनाया गया है।
कुछ मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा जोरों पर थी और मुख्यमंत्री चौहान ऐसा चाहते भी थे मगर आलाकमान ने इसकी झंडी नहीं दी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को इस बात का डर था कि मंत्रियों को हटाने से राज्य भाजपा में कहीं असंतोष न फैल जाए।
वैसे भी पार्टी बिहार भाजपा में मचे घमासान को अब तक रोक नहीं पाई है। केंद्रीय नेतृत्व किसी भी सूरत में यह नहीं चाहता था कि बिहार जैसी स्थितियां मध्यप्रदेश में पैदा हो जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications