'महिंद्रा एंड महिंद्रा' ने किया इतालवी मोटरसाइकिल डिजाइनिंग फर्म का अधिग्रहण
मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। वाहन निर्माता कंपनी 'महिंद्रा एंड महिंद्रा' (एम एंड एम) ने दोपहिया वाहनों की डिजाइनिंग करने वाली प्रमुख इतावली कंपनी 'इंजिन्स इंजीनियरिंग स्पा' का अधिग्रहण कर लिया है।
कंपनी द्वारा यह जानकारी आज मुंबई स्टाक एक्सचेंज को दी गई। एम एंड एम की अनुषंगी कंपनी महिंद्रा सिस्टेक और इटली की कंपनी के बीच हुए समझौते के मुताबिक एक नई कंपनी इंजिन्स इंजीनियरिंग एस.आर.एल का निर्माण किया गया। माना जा रहा है कि नई कंपनी में एम एंड एम का पूर्ण स्वामित्व है।
कुल 1.2 करोड़ डालर की कंपनी इंजिन्स इंजीनियरिंग स्पा जरूरी मंजूरियों के बाद अपना सारा कारोबार एस.आर.एल को सौंप देगी।
गौरतलब है कि इस समझौते के बाद अभी तक चार पहिया वाहनों के निर्माण में संलग्न एम एंड एम दो पहिया वाहनों के निर्माण और डिजायनिंग के क्षेत्र में भी प्रवेश कर सकेगी।
इससे पहले कंपनी ने इटली में ही वाहनों के पुर्जे बनाने वाली एक कंपनी सिस्टेक का भी अधिग्रहण करके महिंद्रा सिस्टेक नाम की एक नई कंपनी बनाई थी।
महिंद्रा सिस्टेक के वर्तमान अध्यक्ष हेमंत लूथरा ने कहा, "नए अधिग्रहण से कंपनी को अपने बाजार का विस्तार करने में भी मदद मिलेगी और वह यूरोप, चीन और रूस के बाजार में भी अपनी पैठ बना सकेगी क्योंकि इन क्षेत्रों में स्पा पहले से काम करती रही है। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications