मप्र में बांध का पानी गांव में घुसा, एक की मौत
भोपाल, 5 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में चंद्रशेखर आजाद बांध से अचानक पानी छोड़े जाने से धार जिले के कई गांवों में पानी भर गया और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। दुर्घटना की प्रशासनिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार झाबुआ जिले में हतनी नदी पर चन्द्रशेखर आजाद परियोजना नामक बांध है, जिससे जिले के कई गांवों तक नहरें निकली हैं। बुधवार को वहां तैनात अमले ने बगैर सूचना के अचानक बांध से पानी छोड़ दिया। नहरों की ठीक तरह से सफाई नहीं हुई थी, जिससे पानी नहरें को पार कर खेतों और गांवों में भर गया और इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
धार के जिलाधिकारी राज कुमार पाठक ने आईएएनएस को बताया कि बांध से पानी छोड़े जाने की प्रशासनिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पानी क्यों छोड़ा गया और इसकी पूर्व सूचना क्यों नहीं दी गई? इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। जिलाधिकारी फिलहाल यह जानकारी देने में असमर्थ रहे कि इस दुर्घटना में संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications