बच्चो के मस्तिष्क के इलाज में सहायक है 'स्टेम सेल'
वाशिंगटन, 5 जून (आईएएनएस)। बच्चों के मस्तिष्क के दुष्प्रभावों को रोकने में अब स्टेम सेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। चूहों पर किए गए अध्ययन में यह बात सामने आई है।
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के दौरान 'शिवरर' प्रजाति के चूहों को स्टेम सेल का एक इंजेक्शन दिया जिसने उनकी केंद्रीय तंत्रिका तंत्र की समस्याओं को दूर कर दिया।
रोचेस्टर विश्वविद्यालय के मस्तिष्क विज्ञानियों ने ऐसे बीमारियों से ग्रस्त चूहों को 'ग्लाइल' नामक मानव स्टेम सेल का इंजेक्शन दिया जिनकी बीस सप्ताह में मौत हो जानी थी।
उनमें से ज्यादातर चूहों की मौत हो गई लेकिन छह चूहे अपेक्षाकृत लंबे समय तक जीवित रहे और चार पूरी तरह से ठीक हो गए।
मस्तिष्क विज्ञानी स्टीवन गोल्डमन ने बताया, "इस अध्ययन से हम बहुत अधिक उत्साहित हैं। इस इलाज से बच्चों के मस्तिष्क संबंधी बीमारियों को दूर किया जा सकेगा, हालांकि बच्चों पर इसका प्रयोग करने से पहले अभी और शोध करने होंगे।"
इस अध्ययन के निष्कर्ष जर्नल 'सेल स्टेम सेल' में प्रकाशित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications