अहलूवालिया ने पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि को उचित बताया और कहा, नहीं बढ़ेगी महंगाई (लीड)
नई दल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में हुई वृद्धि का बचाव करते हुए कहा है कि यह सही समय पर लिया गया उचित निर्णय है और इससे महंगाई बढ़ने का खतरा नहीं है।
मोंटेक राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अहलूवालिया ने आज कहा, "यह ठीक निर्णय है। इससे मुद्रा स्फीति बढ़ने का खतरा नहीं है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें नहीं बढ़ाए जाने से अन्य दूसरी मुसीबतों का सामना करना पड़ता। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में मुद्रा स्फीति की दर दो अंकों तक नहीं पहुंचेगी, बल्कि अगले चार महीने के दौरान इसमें कमी आएगी।"
गौरतलब है कि अहलूवालिया का यह आकलन केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में क्रमश: पांच रुपये और तीन रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस की कीमत 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद आया है।
अहलूवालिया ने कहा कि इस वर्ष अब तक अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें लगभग दोगुनी हो गईं हैं। भारत अपनी जरूरतों का लगभग 75 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है। ऐसी स्थिति में पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू कीमतें बढ़ाया जाना जरूरी था।
भारत में 1990 से शुरू हुए आर्थिक सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अहलूवालिया ने गुरुवार को कहा कि सरकार का तेल कीमतें बढ़ाने का निर्णय एकदम सही है। इससे भारत की आठ प्रतिशत की विकास दर बरकरार रहेगी।
उन्होंने कहा कि विकास दर को फिर से पटरी पर लाने के लिए यह निर्णय जरूरी था, अन्यथा स्थिति पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो जाता। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को जनता के खिलाफ कहना गैरजिम्मेदाराना हरकत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications