सीआईआई ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का किया समर्थन
नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने तेल की कीमतों में वृद्धि का स्वागत करते हुए कहा है कि सरकार के पास इसके सिवा और कोई चारा नहीं था।
भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष के. वी. कामथ ने अपने बयान में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि को प्रत्याशित बताते हुए कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार का यह कदम जरूरी हो गया था।
पेट्रोलियम उत्पादों पर आयात व उत्पाद करों में कटौती का भी कामथ ने स्वागत किया है।
कामथ के मुताबिक वैश्विक मंदी की आशंका, अर्थव्यवस्था से संबंधित कई क्षेत्रों में मामूली विकास, बढ़ते वित्तीय घाटा व उच्च महंगाई दर के मद्देनजर सरकार को सामंजस्य स्थापित करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आशा जताई कि तेल की कीमतों में वृद्धि से विकास दर प्रभावित नहीं होगा।
तेल की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर भारतीय उद्योग परिसंघ ने ऊर्जा संरक्षण व बचत की जरूरत पर बल दिया है।
ऊर्जा बचत को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने देश में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को ज्यादा से ज्यादा मजबूत करने की वकालत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications