महंगाई के खिलाफ भाजपा नेताओं ने की बैलगाड़ी की सवारी
इंदौर, 5 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्यों में की गई वृद्घि के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज यहां बैलगाड़ी रैली निकाली। मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी वेंकैया नायडू के नेतृत्व में इस रैली में भाजपा के कई नेताओं ने बैलगाड़ी की सवारी भी की। इस अवसर पर नायडू ने घोषणा की कि महंगाई के खिलाफ भाजपा का देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा की यह महंगाई रैली बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होकर विभिन्न मार्गो से होते हुए राजवाड़े पहुंची, जहां महंगाई का पुतला फूंका गया। इस रैली में नायडू के अलावा सांसद सुमित्रा महाजन और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण माहेश्वरी सहित कई नेता बैलगाड़ियों पर सवार हुए। वहीं प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साइकिल की सवारी की।
इस मौके पर नायडू ने केंद्र सरकार पर जमकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि सत्ता की कमान जब भी कांग्रेस के हाथ में रही है, महंगाई ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वर्तमान दौर में महंगाई ने तो आम आदमी का जीना ही मुश्किल कर दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि महंगाई के खिलाफ भाजपा का देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications