अल कायदा ने ली पाकिस्तान में डेनमार्क दूतावास पर हमले की जिम्मेदारी
इस्लामाबाद, 5 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में डेनमार्क के दूतावास के करीब दो जून को हुए हमले की जिम्मेदारी अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अल कायदा ने ली है। इस हमले में आठ लोग मारे गए थे और करीब तीस घायल हो गए थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने समाचार पत्र 'द न्यूज' के हवाले से जानकारी दी कि इंटरनेट पर जारी बयान में अफगानिस्तान में अल कायदा सरगना अबू अल-याजिद ने कहा कि इस हमले को डेनमार्क की काफिर सरकार से बदला लेने के लिए अंजाम दिया गया, जिसने पैगंबर हजरत मोहम्मद को नीचा दिखाने वाले कार्टून प्रकाशित किए।
गौरतलब है कि डेनमार्क के एक समाचार पत्र ने हाल ही में हजरत मोहम्मद से संबद्ध विवादित कार्टूनों का दोबारा प्रकाशन किया था।
समाचार पत्र द न्यूज के अनुसार इस्लामिक वेबसाइटों पर जारी बयान में संगठन ने कहा है कि यह हमला अल कायदा नेता ओसामा बिन लादेन के बदला लेने के आह्वान के बाद किया गया है। बयान में कहा गया है कि इस हमले को अंजाम देने वाले अल कायदा के आत्मघाती हमलावर का रिकार्ड किया गया संदेश जारी किया जाएगा।
बयान की सत्यता की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications