हस्तशिल्प कलाकारों की तकदीर बदलेगी बिहार सरकार
पटना, 4 जून (आईएएनएस)। बिहार की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग तथा तसर सिल्क जैसी हस्तशिल्प कलाओं को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार ने कमर कस ली है। इसके तहत इन कलाओं में लगे हस्तशिल्प कलाकारों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए सरकार ने आर्टीजन क्रेडिट कार्ड मुहैया कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि इन क्रेडिट कार्ड धारकों को बैंक बिना किसी सुरक्षित निधि के ही ऋण देगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित 'बिहार राज्य बुनकर कल्याण समिति' के सदस्य आलिम अंसारी ने कहा कि बाबा साहब आम्बेडकर हस्तशिल्प योजना के तहत राज्य में उक्त कार्ड जारी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस योजना में अब तक राज्य में 55 हजार हस्तशिल्प कलाकारों को पंजीकृत किया गया है। इनमें से करीब आठ हजार कलाकारों को आर्टीजन क्रेडिट कार्ड दे दिया गया है। अंसारी ने बताया कि केवल भागलपुर में ही 2,179 हस्तशिल्प कलाकारों को कार्ड जारी किया गया है।
ज्ञात हो कि राज्य में हस्तशिल्प कलाओं में मिथिला पेंटिंग, लाह की चूड़ी, टेराकोटा, एपलिक, तसर सिल्क, कालीन आदि शामिल किए गए हैं।
उधर, कला विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न सिर्फ इन कलाकारों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और उन्हें एक अंतर्राष्ट्रीय बाजार मिलेगा बल्कि देश को विदेशी मुद्रा भी प्राप्त होगी ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications