मध्यप्रदेश के सहकारिता मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
भोपाल, 29 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद ने राज्य के सहकारिता मंत्री गोपाल भार्गव को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है।
प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने भी कल कहा था, "संविधान ने आरक्षण की व्यवस्था समाज के कमजोर वर्ग के लिए की है। लेकिन ब्राह्मणों की सभा में भार्गव की टिप्पणी से संविधान की अवमानना हुई है। इसलिए मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करें।"
पचौरी ने आईएएनएस से आज कहा, "भार्गव की यह टिप्पणी कि आरक्षण मांगने वाले भिखारी हैं, वास्तव में गरीब विरोधी, दलित विरोधी और पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता की परिचायक है।"
उधर भार्गव का कहना है कि पचौरी ने उनकी टिप्पणी को तोड़मरोड़ कर पेश किया है।
उन्होंने कहा, "मैंने अलग अलग वर्गो के लिए आरक्षण का विरोध नहीं किया है, मैंने किसी को भिखारी भी नहीं कहा है। मैं संविधान में आरक्षण के प्रावधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।" भार्गव का कहना है कि उन्होंने केवल यह कहा था कि ब्राह्मणों को आरक्षण की जरूरत नहीं है।
भार्गव ने कहा कि उनकी टिप्पणी व्यक्तिगत राय थी और वह अब भी उस पर कायम हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications