पाकिस्तान पेट्रोलियम सब्सिडी समाप्त किए जाने के खिलाफ
इस्लामाबाद, 29 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान पेट्रोलियम उत्पादों पर से सब्सिडी हटाए जाने की विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की सलाह से सहमत नहीं है। वह इन दोनों संस्थाओं के दबाव को निष्प्रभावी बनाने के प्रयास में लगा है।
पाकिस्तान का कहना है कि अगर अचानक इन पेट्रोलियम उत्पादों पर सब्सिडी की सुविधा खत्म कर दी गई तो देश की अर्थव्यवस्था इस झटके को सह नहीं पाएगी। प्रधानमंत्री सैयद यूसुफ रजा गिलानी ने बजटीय मामलों पर मंथन के लिए आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में यह स्पष्ट कर दिया कि सब्सिडी चरणबद्घ तरीके से हटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अचानक ऐसा कदम उठाने से कई जटिलताएं पैदा होंगी।
उन्होंने कहा कि सब्सिडी की चरणबद्ध समाप्ति से पहले पुख्ता राजकोषीय प्रबंधन की जरूरत है। इसके लिए देश की कराधान व्यवस्था को खंगालकर नए वित्तीय स्रोत तैयार करने होंगे। डॉन अखबार ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा है कि ये नए संसाधन ऐसे हों कि उनका लाभ देश के गरीबों को मिले। देश के गरीबों और मध्यवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत पहुंचाने के लिए नए संसाधनों की जरूरत है।
विश्व बैंक के उप प्रमुख (दक्षिण एशिया) प्रफुल्ल सी़ पटेल और आईएमएफ के निदेशक (द़ एशिया एवं मध्य-पूर्व) मोहसिन खान ने पाकिस्तान को पेट्रोलियम सब्सिडी हटाने की सलाह दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications