नेपाल में माओवादियों के नेतृत्व वाली भीड़ पर फायरिंग, 3 मरे
काठमांडू, 29 मई (आईएएनएस)। एक तरफ नेपाल में राजशाही की जगह गणतांत्रिक व्यवस्था लागू किए जाने की संभावना पर खुशी जताने का सिलसिला जारी है, दूसरी तरफ देश के एक सुदूर इलाके में बुधवार को माओवादियों के नेतृत्व वाली भीड़ को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों को गोलियां चलानी पड़ी। इस कार्रवाई में तीन लोग मारे गए।
पुलिस के मुताबिक सुरक्षबलों को उस समय गोलियां चलानी पड़ी जब भीड़ ने कैलाली जिले के ढंगाडी शहर में एक सरकारी कार्यालय पर धावा बोल दिया। इस घटना के तार माओवादियों द्वारा एक पत्रकार पर हमले से जुड़े हुए हैं।
एक स्थानीय अखबार 'हमार पहुरा' के संपादक लकी चौधरी को माओवादी संगठन यंग कम्युनिस्ट लीग के सदस्यों ने पीटा था। जब चौधरी इसकी शिकायत दर्ज कराने जिला प्रशासनिक कार्यालय गए तो इससे माओवादी नाराज हो गए। उन्होंने इसकी प्रतिक्रिया में बुधवार को सरकारी कार्यालय पर हमला कर दिया।
घटना से शहर में तनाव पैदा हो गया है। पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस घटना में कई लोग घायल भी हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त संगठन के उग्र व्यवहार की खबरें मीडिया में आती रही हैं। उधर माओवादी इस संगठन को भंग करने से साफ इंकार कर रहे हैं। वे इसे अपना राजनीतिक संगठन बताते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications