नौकरियां झटकने की दौड़ में बड़े शहरों को पछाड़ेंगे छोटे शहर
कोच्चि, 29 मई (आईएएनएस)। अगले पांच वर्षो में भारत में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की करीब 17 लाख नौकरियां दिल्ली, मुंबई, पुणे, बंगलौर और हैदराबाद जैसे प्रथम दर्जे के शहरों की झोली से निकल कर द्वितीय दर्जे के शहरों की झोली में चली जाएंगी। यह कहना है इनफोपार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ भट्टाचार्य का।
भट्टाचार्य एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन 'द इंडस इंटरप्रेनर्स' (टाई) द्वारा आयोजित एक परिचर्चा में बोल रहे थे। यह संगठन उद्यमिता को बढ़ावा देता है। यहां स्थित इनफोपार्क राज्य सरकार के स्वामित्व वाला आईटी पार्क है जहां कई कंपनियों की इकाइयां हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे शहरों का बेहतर जीवन स्तर और अपेक्षाकृत कम संचालन खर्च कंपनियों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों में शुमार हैं। उन्होंने शोध रिपोर्टो का हवाला देते हुए कहा कि बड़े शहरों से छोटे शहरों की ओर नौकरियों का प्रवाह जोर पकड़ने लगा है। उनके मुताबिक कोच्चि कई मामले में दूसरे आईटी केंद्रों से आगे है।
अधिकारी के मुताबिक कोच्चि से आंकड़ा प्रेषण का खर्च दूसरे कई शहरों की तुलना में कम है। देश का 75 फीसदी डेटा ट्रैफिक कोच्चि से होता है। वीएसएनएल का 15 गिगावाइट क्षमता का गेटवे कोच्चि में है। वहीं बिजली और जलापूर्ति जैसी सुविधाएं भी सस्ती दर पर उपलब्ध हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications