गुर्जर आंदोलन : दिल्ली सहित उत्तर भारत में यातायात प्रभावित (लीड-1)

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गुर्जर समुदाय से एकजुटता दिखाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आयोजित बंद का व्यापक असर देखा गया।

गुर्जर आंदोलनकारियों के रास्ता रोको आंदोलन के कारण उत्तर भारत की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। एनसीआर के उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से लगे इलाकों में दोपहर तक आम जनजीवन ठप पड़ गया।

दिल्ली और आसपास के इलाके में गुर्जरों ने सभी बड़ी सड़कों पर जाम लगा दिया, जिस कारण राजधानी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने आज सुबह सभी उपनगरों-गुड़गांव, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने वाले मार्गो को बंद कर दिया।

स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अशािंत की आशंका के मद्देनजर करीब 30,000 पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया था।

प्रदर्शनकारियों ने व्यस्त गुड़गांव-महरौली मार्ग, फरीदाबाद को दिल्ली से जोड़ने वाली मथुरा रोड, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेस वे, गाजियाबाद को दिल्ली से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 24 और 58 को जाम कर दिया।

दोपहर तक यह आंदोलन दक्षिणी दिल्ली के भी कुछ इलाकों में फैल गया जहां काफी संख्या में गुर्जर आबादी रहती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार साउथ एक्सटेंशन इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लेटकर यातायात को रोक दिया।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रास्ता रोको आंदोलन का आान अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने किया था।

राजस्थान में 23 मई के बाद हुई हिंसा में 37 प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की घटना को देखते हुए कई कार्यालयों ने आज काम बंद रखना बेहतर समझा। नोएडा के कई कार्यालयों में पहले ही आज अवकाश घोषित कर दिया गया था।

कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। गुड़गांव में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। गुड़गांव में प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी थी।

गुर्जर आंदोलनकारियों ने अलीगढ़ और गाजियाबाद में करीब दो दर्जन ट्रेनों को भी रोक दिया।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली-गाजियाबाद और गाजियाबाद-लखनऊ और दिल्ली-देहरादून राजमार्ग भी कई स्थानों पर जाम कर दिया गया।

गुर्जर आंदोलनकारियों ने सभी महत्वपूर्ण स्थलों जैसे तिलपत, दादरी, डासना, मोदीनगर और लोनी में रास्ता रोक रखा था। इस कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र पूरी तरह पंगु बन गया।

गुर्जर आंदोलन के कारण ब्लैक बेरी मोबाइल सेवा भी प्रभवित हुई। उपभोक्ताओं को भेजे एक संदेश में कहा गया है कि गुड़गांव स्थित ब्लैकबेरी सर्विस सेंटर गुरुवार को गुर्जर आंदोलन के कारण बंद रहेगा। कृपया वहां नहीं जाएं। असुविधा के लिए हमें खेद है।

यहां तक कि सब्जी विक्रेता भी गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के रिहायशी इलाकों में नहीं पहुंच सके। नोएडा के सेक्टर सात की निवासी पूनम सिंह ने कहा कि दूध और किराने के अन्य सामानों के दाम बढ़ गए हैं।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच महरौली-गुड़गांव मार्ग पर संघर्ष भी हुआ। पुलिस ने यहां पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने के आलावा 50 व्यक्तियों को हिरासत में भी लिया।

उधर, प्रदर्शनकारियों ने जम्मू क्षेत्र में भी रेलों को राकने का प्रयास किया। लेकिन अधिकारियों द्वारा यह अपील किए जाने पर कि इससे वैष्णों देवी आने वाले तीर्थयात्रियों को असुविधा होगी, गुर्जरों ने प्रदर्शन रोक दिया।

जम्मू में गुर्जरों के नेता शाह मोहम्मद ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के गुर्जर मुसलमान हैं। लेकिन हम हिंदू गुर्जरों के एहसानमंद हैं जिन्होंने हमारा तब समर्थन किया था जब हम कश्मीर में अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग कर रहे थे।

इस बीच अमेरिका ने आज राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गुर्जरों के आंदोलन के चलते अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे भरसक उन क्षेत्रों में जाने से बचें।

अमेरिका ने अपने नागरिकों को यह सलाह इसलिए दी है ताकि उन्हें राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों के चलते यातायात संबंधी बाधाओं का शिकार न होना पड़े।

उधर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शांति स्थापना के लिए अब एसएमएस (मोबाइल संदेश) और पर्चो का सहारा ले रही हैं। इसके लिए उन्होंने करीब एक करोड़ एसएमएस किए और प्रभावित इलाकों में हेलीकाप्टर से पर्चे गिरवाए। इन पर्चो में उन्होंने प्रभावित इलाके के लोगों से शांति बनाए रखने और केंद्र सरकार से संपर्क करने की अपील की है।

एसएमएस में उन्होंने लिखा, "हमारे शांतिप्रिय राज्य में अशांति होना दुखद है। मेरा अनुरोध है कि आप संयम का परिचय दें और शांति बहाली में सहयोग दें।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+