क्यूबा में मानवाधिकारों का दायरा सीमित : एमनेस्टी
लंदन, 29 मई (आईएएनएस)। मानवाधिकार संरक्षण संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने क्यूबा में मानवाधिकारों की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई है। संगठन की रिपोर्ट में कहा गया है कि क्यूबा में मानवाधिकारों में कटौती की जा रही है।
स्पेन की समाचार एजेंसी ईएफ ई के मुताबिक एमनेस्टी क्यूबा में मानवाधिकारों की मौजूदा स्थिति से संतुष्ट नहीं है। संगठन ने 'वैश्विक मानवाधिकार परिदृश्य' नामक अपनी रिपोर्ट में कहा है कि क्यूबा में वर्ष 2007 में अभिव्यक्ति की आजादी और एक-दूसरे से संपर्क रखने व मिलने-जुलने की स्वतंत्रता का दायरा भी सीमित कर दिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उल्लेखित वर्ष में असंबद्ध व स्वतंत्र पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकताओं समेत 62 लोगों को सलाखों के पीछे कर दिया गया। उन्हें उनके 'अहिंसक राजनीतिक विचार व गतिविधियों' के लिए ऐसी सजा दी गई। कई पत्रकारों को धमकी दी गई और उन्हें उत्पीड़ित भी किया गया।
खुद क्यूबा सरकार के एक आकलन के मुताबिक देश की विभिन्न जेलों में करीब 225 राजनीति कार्यकर्ता बंद हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों के कारण खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है। एमनेस्टी का दावा है कि क्यूबा पर सरकारी तंत्र का शिकंजा लगातार बढ़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications