भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इजरायली प्रधानमंत्री का इस्तीफा देने से इंकार
जेरूसलम , 29 मई (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने कहा है कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप की जांच शुरू होने के बावजूद वह इस्तीफा नहीं देंगे।
एक स्थानीय दैनिक 'येदियोथ अरोनोथ' में प्रकाशित समाचार के अनुसार ओल्मर्ट ने बुधवार को दक्षिणी इजरायल में यहूदी बस्तियों के प्रमुखों के साथ एक बैठक में कहा कि किसी जांच के शुरू होने से वह इस्तीफा नहीं देंगे।
गौरतलब है कि एक अमरिकी व्यापारी मारिस तलांस्की ने जेरूसलम जिला अदालत में एक संसदीय सुनवाई के दौरान मंगलवार को कहा था कि उसने पिछले 15 वर्षो के दौरान ओल्मर्ट को 150,000 डालर की रकम दी है। ओल्मर्ट पर तलांस्की से अवैध रूप से लाखों डालर लेने के आरोपों की जांच चल रही है।
इस बयान के बाद ओल्मर्ट ने अपनी मध्यमार्गी कदिमा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श किया।
उधर बुधवार को जेरूसलम में एक प्रेस कांफ्रेस में लेबर पार्टी के अध्यक्ष और इजरायल के रक्षामंत्री एहुद बराक ने भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण ओल्मर्ट से इस्तीफा देने को कहा।
बराक ने चेतावनी दी कि यदि ओल्मर्ट ने इस्तीफा नहीं दिया तो लेबर पार्टी चुनाव जल्दी कराने पर जोर देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications