तेल कीमतों के मसले पर मंत्रिमंडल की बैठक टली (लीड)
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की बढ़ती कीमतों के कारण सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को हो रहे नुकसान के मद्देनजर घरेलू स्तर पर परिवहन ईंधन की कीमतें बढ़ाने को लेकर मंत्रिमंडल की आज होने वाली बैठक टल गई है।
प्रस्तावित बैठक में लगातार नुकसान झेल रही सरकारी कंपनियों को राहत पहुंचाने के लिए परिवहन ईंधन की घरेलू कीमतें बढ़ाने और राहत पैकेज की मंजूरी पर चर्चा होनी थी।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार शाम को प्रस्तावित मंत्रिमंडल की बैठक के बारे में एक अधिकारी ने कहा, "बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। अब यह शुक्रवार या शनिवार को होगी।"
गौरतलब है कि परिवहन ईंधन की घरेलू कीमतों का मामला राजनीतिक रूप से संवेदनशील है। सरकार को बाहर से समर्थन दे रहीं वामपंथी पार्टियां तेल की घरेलू कीमतें बढ़ाने का विरोध करती रही हैं।
इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कुछ मंत्रियों के साथ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज मुलाकात की।
इस बैठक में शिरकत करने वाले पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा ने पत्रकारों को बताया कि अगले एक या दो दिन में तेल की कीमतों के मसले पर कोई न कोई निर्णय ले लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अगले एक दो दिन में देवड़ा, विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी, वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया के साथ मिलकर मौजूदा स्थिति की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड को पिछले नौ तिमाही में पहली बार घाटे का सामना करना पड़ा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि और घरेलू कीमतें स्थिर रहने की वजह से कंपनी को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications