प्रणब मुखर्जी अगले सप्ताह चीन यात्रा पर
बीजिंग, 29 मई (आईएएनएस)। चीन और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी अगले सप्ताह 4 जून को चीन पहुंचेंगे।
चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि मुखर्जी अपनी यात्रा के दौरान चीन के विदेश मंत्री यांग जियेची और अन्य नेताओं से अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर बात करेंगे।
यात्रा के दौरान मुखर्जी भारतीय वाणिज्य दूतावास की स्थापना के लिए चीन के दक्षिणी शहर गुआंगझू भी जाएंगे।
भारत और चीन की 4 हजार किलोमीटर लंबी पर्वतीय सीमा के विवाद पर भी मुखर्जी और यांग के बीच बातचीत होगी। सीमा विवाद पर दोनों देशों के बीच गत 20 वर्षो से बातचीत जारी है।
उल्लेखनीय है कि चीन द्वारा तिब्बत में दलाई लामा समर्थकों के प्रदर्शन को कुचलने के बाद भारत सरकार ने तिब्बतियों को चीन की सीमा पार करने से रोका था। इससे चीन को तिब्बती क्षेत्रों में व्यवस्था कायम करने में मदद मिली थी।
चीन तिब्बत मसले पर दलाई लामा के प्रतिनिधियों से भी बात कर रहा है। तिब्बतियों के भविष्य को लेकर अगली बैठक 11 जून को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications