तीन सीरियाई स्थलों को परमाणु ठिकाना मानता है अमेरिका
वाशिंगटन, 29 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने सीरिया के तीन स्थलों को परमाणु ठिकाने के रूप में चिन्हित किया है। प्रतिष्ठित अखबार 'वाशिंगटन पोस्ट' ने यह खबर प्रकाशित की है।
कुछ अमेरिकी अधिकारियों ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर इस अखबार को बताया कि अमेरिका यह जानना चाहता है कि क्या ये स्थल अल-कबीर नामक उस कक्षित परमाणु रिएक्टर की गतिविधियों में योगदान देते थे, जिसे सितंबर में इजरायल ने नष्ट कर दिया था। इजरायली लड़ाकू विमानों ने इस रिएक्टर पर ताबड़तोड़ हमला कर इसे नष्ट कर दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका संयुक्त राष्ट्र संघ के एटमी निगरानी निकाय 'अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी' (आईएईए) पर सीरिया के इन तीनों संदिग्ध स्थलों पर निगरानी बढ़ाने का दबाव बना रहा है।
डीपीए न्यूज एजेंसी के मुताबिक ह्वाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्टीफन हेडली ने परमाणु प्रसार समस्या पर आयोजित एक अहम बैठक में कहा कि पिछले साल चार देशों के प्रयास के कारण सीरिया को मिसाइल परीक्षण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और पुर्जे मुहैया कराने की कोशिशों पर पानी फेर दिया गया। इस घटना से साबित होता है कि सीरिया अपने एटमी कार्यक्रम को लेकर गंभीर है।
उन्होंने 'प्रोलिफरेशन सिक्युरिटी इनीशिएटिव' (पीएसआई) के पांचवें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित बैठक में एटमी प्रसार रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की प्रशंसा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications