कोलंबिया में वर्षा के कारण नौ मरे, 32 घायल
बोगोटा, 29 मई (आईएएनएस)। कोलंबिया में गत दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 32 घायल हो गए।
स्पेन की समाचार एजेंसी ईएफई ने गुरुवार को बताया कि वर्षा होने के कारण सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। रिपोर्ट में सामाजिक सुरक्षा मंत्री डिएगो पेलेसियो बीटनकोर्ट को उद्धृत करते हुए बताया गया है कि वर्षा के कारण एक लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि अत्यधिक वर्षा के कारण क्षेत्र में बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि देश की मुख्य नदी मैगडेलीना में जलस्तर बढ़ जाने के कारण स्थिति खराब हो गई है।
बीटनकोर्ट ने कहा कि ला डोरादा, होंडा और प्यूरटो सालगर शहर में बाढ़ के कारण स्थिति खराब हो गई है। मंत्री ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों को राहत व बचाव कार्यो को शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ की सर्वाधिक आशंका वाले क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन के अधिकारियों ने कहा कि 370 से अधिक मकान नष्ट हो गए हैं और वर्षा के कारण 10 हजार से अधिक मकानों की क्षति हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।