गुर्जर आंदोलन ने किया दिल्ली व पश्चिमी यूपी में जनजीवन प्रभावित
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। गुर्जर आंदोलनकारियों के दिल्ली बंद के आह्वान के कारण गुरुवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सड़क यातायात पर बहुत खराब असर पड़ा है।
दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुर्जरों ने राजधानी और बड़े उपनगरों गुड़गांव, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद को जोड़ने वाले रास्तों को जाम कर दिया है।
दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के हजारों जवान बंद को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी निजी तौर पर यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे रास्तों से जाम को बल प्रयोग द्वारा खुलवाने का प्रयास नहीं कर रहे हैं। क्योंकि यदि ऐसा किया गया तो हिंसा बढ़ सकती है।
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जो गुड़गांव से गुजरता है, एकमात्र ऐसा बड़ा मार्ग है जो अभी भी खुला हुआ है। गुड़गांव -महरौली मार्ग, फरीदाबाद को दिल्ली से जोड़ने वाली मथुरा रोड, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेस वे, गाजियाबाद को दिल्ली से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 24 और 58 को आंदोलनकारियों ने जाम कर रखा है।
गुर्जर आंदोलनकारियों ने अलीगढ़ और गाजियाबाद में कई ट्रेनों को भी रोक दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*