उड़ीसा का खदान क्षेत्र सर्वाधिक प्रदूषित
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने आज कहा कि उड़ीसा का कोयला खदान क्षेत्र तलचर देश का सर्वाधिक प्रदूषित इलाका है।
पर्यावरण एवं वन मंत्रालय ने कहा कि सीपीसीबी ने वायु एवं जल में विभिन्न उद्योगों द्वारा प्रदूषण फैलाने वाले 24 समस्या क्षेत्रों की पहचान की है। बोर्ड इन क्षेत्रों के लिए एक पर्यावरण प्रबंधन योजना (ईएमपी) तैयार करेगा।
उल्लेखनीय है कि तलचर में नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) संयंत्र है।
तलचर के अतिरिक्त, गुजरात का अंकलेश्वर, कर्नाटक के भद्रवती और बोलारम, महाराष्ट्र, का चेंबूर और बिहार का धनबाद देश के सबसे अधिक प्रदूषित इलाकों में से हैं।
देश के 24 सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में राजस्थान का जोधपुर, पश्चिम बंगाल का दुर्गापुर और हावड़ा, तमिलनाडु का वैल्लोर, केरल का ग्रेटर कोच्चि, गुजरात का वापी और मध्य प्रदेश का सिंगरौली भी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी नजफगढ़ बस्ती देश का 17वां सबसे प्रदूषित क्षेत्र है।
सीपीसीबी का कहना है कि वह उद्योगों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन करने हेतु निरीक्षण भी कर रहा है। सीपीसीबी ने नदियों और झीलों के निकट भी कुछ समस्या क्षेत्रों को पहचाना है। बोर्ड के अनुसार एल्यूमीनियम और सीमेंट उद्योग सबसे अधिक प्रदूषण फैलाने वाले उद्योग हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications