अदृश्य ताकतें फिर मार्शल लॉ लगवाने के फेर में: जरदारी
इस्लामाबाद, 29 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सहअध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने आरोप लगाया है कि कुछ 'अदृश्य ताकतें' देश में फिर से मार्शल लॉ लगवाने का प्रयास कर रही हैं।
जरदारी ने चेतावनी दी कि सरकार के खिलाफ उठाया गया कोई भी कदम पाकिस्तान से लोकतंत्र को समाप्त कर सकता है।
पंजाब और उत्तर-पश्चिमी सीमा प्रांत के 'पीपुल्स लायर्स फोरम' (पीएलएफ) के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जरदारी ने कहा, " कुछ अदृश्य ताकतें देश में मार्शल लॉ का एक और दौर देखना चाहती हैं। इसके लिए वह हालात पैदा करने के अलावा ऐसे मामले एकत्र करना चाहती हैं जिनका प्रयोग पीपीपी सरकार के खिलाफ किया जा सके।"
जरदारी ने कहा कि ऐसी ताकतें पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो के समय से ही सक्रिय हैं। भुट्टो को तत्कालीन सेना प्रमुख जिया उल हक ने शासन से बेदखल करने के साथ ही फांसी पर लटका दिया था।
जरदारी ने कहा कि वह केवल मुशर्रफ द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली ही नहीं चाहते हैं बल्कि उनके द्वारा पेश किया जानेवाला संवैधानिक सुधारों का प्रस्ताव यह भी सुनिश्चित करेगा कि राज्य के सभी अंग संविधान के अनुसार कार्य करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications