मप्र में कृषि मंत्री के बंगले पर पथराव, मामला दर्ज
भोपाल, 29 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले पर पथराव करने वालों के खिलाफ श्यामला हिल्स थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल, भार्गव ने एक सभा में आरक्षण को लेकर टिप्पणी की थी, जो इसके समर्थकों को नागवार गुजरा। इसी कारण आरक्षण समर्थकों ने बुधवार शाम प्रोफेसर कालोनी स्थित उनके बंगले पर पथराव किया।
श्यामला हिल्स थाने के प्रभारी शिवपाल सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को बताया कि कुछ लोगों ने बुधवार शाम कृषि मंत्री के बंगले पर पथराव और तोड़-फोड़ किया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी मजबूत सिंह की शिकायत पर बुधवार देर रात मुकेश साहू, पुरुषोत्तम गुप्ता सहित एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ बलवा काटने का मामला दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री भार्गव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुए कार्यक्रम में आरक्षण मांगने वालों को भिखारी कहा था। भार्गव के इस बयान से मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है और आरक्षण समर्थक भार्गव के खिलाफ खुलकर सामने आने लगे हैं ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications