आंध्र के मुख्यमंत्री पर आचार संहिता के हनन का आरोप
हैदराबाद, 29 मई (आईएएनएस)। चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस ने आज मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी पर चुनाव आचार संहिता के हनन का मामला दर्ज किया है। कई टीवी चैनलों पर भी यह मामला दर्ज किया जाएगा।
रेड्डी पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन कर वोटरों को रिझाने का प्रयास किया। उल्लेखनीय है कि राज्य में आज चार लोकसभा और 18 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग ने रेड्डी पर जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 126 के अंतर्गत मामला दर्ज करने को कहा है।
साथ ही आयोग ने रेड्डी के संवाददाता सम्मेलन का सीधा प्रसारण करने के आरोप में टीवी चैनलों पर भी मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। आयोग ने राज्य के प्रमुख चुनाव अधिकारी आई.वी. सुब्बाराव को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
राव का कहना है इस बाबत जिलाधिकारियों को मामले दर्ज करने का आदेश दे दिया गया है।
इसके साथ ही आयोग ने पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एम. मुकेश गौड़ पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद मधु के साथ हैदराबाद के मुर्शिदाबाद विधानसभा क्षेत्र में हाथापाई करने पर भी मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
चुनाव प्रचार की अवधि की समाप्ति के बाद प्रचार करने के आरोप में चुनाव आयोग ने तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडु के खिलाफ भी मामला दर्ज करने के लिए कृष्ण क्षेत्र के जिलाधिकारी को आदेश दिया है।
गौरतलब है कि चुनाव संहिता के अमल में लाए जाने के बाद से आयोग ने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और छह मंत्रियों और विपक्षी नेताओं पर चुनाव आचार संहिता के आरोप का मामला दर्ज किया है। आयोग एक जिलाधिकारी सहित तीन अन्य अधिकारियों का तबादला भी कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications