राजस्थान में पर्यटन को लगा ग्रहण
जयपुर, 29 मई (आईएएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों और गुर्जरों के प्रदर्शन के कारण पर्यटन उद्योग को गहरा धक्का लगा है।
जयपुर, 29 मई (आईएएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों और गुर्जरों के प्रदर्शन के कारण पर्यटन उद्योग को गहरा धक्का लगा है।
राज्य में अभी होटलों के हालात ये हो गए हैं कि यहां कमरों के किराए में कमी आ गई है और गाइडों को भी काम की किल्लत महसूस हो रही है।
पर्यटन सेवाएं मुहैया कराने वाले नवेन्दु गोस्वामी ने कहा कि वे लोग चिंतित हैं। पर्यटक उनसे यही कह रहे हैं कि ऐसे वातावरण में यात्रा करना कैसे सुरक्षित होगा।
एक ट्रेवल एजेंट रामकुमार ने कहा कि जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों और गुर्जरों के आंदोलन जैसी घटनाओं से पर्यटन पर बुरा असर पड़ता है। राज्य के ऐसे हालात में अब गर्मी की छुट्टियों में आने वाले देशी पर्यटक दूसरे स्थानों पर चले जाएंगे।
एक होटल के मालिक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य के कई श्रेणियों के होटलों में करीब 10 हजार कमरे हैं। इनमें से आधे कमरे मई के महीने में बुक हो जाते हैं पर जयपुर बम विस्फोटों और गुर्जरों के प्रदर्शनों के कारण करीब 15 से 20 फीसदी कमरे ही बुक हो पाए हैं।
उल्लेखनीय है कि 13 मई को जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों में 65 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक घायल हो गए थे। इसके ठीक दस दिन बाद गुर्जर समुदाय ने सरकारी सेवाओं और शिक्षा संस्थानों में अनुसूचित जनजाति का दर्जा पाने के लिए आंदोलन शुरू कर दिया जिसमें अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications