अमेरिका में दक्षिण एशियाई बच्चों के लिए 'स्पेलिंग बी' प्रतियोगिता
न्यूयार्क, 29 मई (आईएएनएस)। शुद्ध लेखन (स्पेलिंग) में दक्षिण एशियाई बच्चों का प्रदर्शन हमेशा ही शानदार रहा है। इसी को देखते हुए अमेरिका में पहली बार खासतौर पर दक्षिण एशियाई बच्चों के लिए वार्षिक 'स्पेलिंग बी' प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की गई है।
प्रमुख विज्ञापन एजेंसी 'टचडॉउन मीडिया' इस प्रतियोगिता को जून के अंत में आयोजित करेगी। देश के विभिन्न आठ केंद्रों पर इसका आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल 16 अगस्त को न्यूजर्सी में होगा।
'टचडॉउन मीडिया' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल वाडिया ने आईएएनएस से कहा कि इस प्रतियोगिता में बच्चे ऑनलाइन प्रवेश पा सकते हैं। ऐसे बच्चों को 25 शब्दों की लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें 30 सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को मौखिक परीक्षा के लिए चुना जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीस बच्चों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले तीन विजेताओं को 200 से 500 डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा। अंत में विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों के दो विजेताओं को पांच हजार डॉलर का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बच्चों के अभिभावक या उनके पूर्वज के भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, म्यांमार या नेपाल से संबंध होना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications