एम्स के निदेशक पद के लिए विज्ञापन, अनिवासी भी कर सकते हैं आवेदन
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। इस साल जुलाई के प्रथम सप्ताह में पी. वेणुगोपाल का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बाद किसी अनिवासी भारतीय अथवा भारतीय मूल के व्यक्ति को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का निदेशक बनाया जा सकता है।
निदेशक पद के लिए आज संस्थान द्वारा जारी किए गए एक विज्ञापन में भारत और विदेशों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विज्ञापन में कहा गया है, "एम्स के निदेशक पद के लिए भारतीय नागरिकों, अनिवासी भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।"
विज्ञापन में कहा गया है कि आवेदक के पास चिकित्सा में उच्च स्तरीय स्नातकोत्तर डिग्री और कम से कम 10 वर्ष का शिक्षण और शोध का अनुभव तथा 25 वर्षो का व्यावसायिक अनुभव भी होना चाहिए।
गौरतलब है कि एम्स देश का सबसे बड़ा चिकित्सा एवं शोध केंद्र है और यहां रोजाना 8 हजार लोगों का इलाज किया जाता है।
विज्ञापन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संस्थान के एक चिकित्सक ने कहा, "अनिवासी अथवा भारतीय मूल के लोगों से विज्ञापन आमंत्रित करने का कोई औचित्य ही नहीं है। हमारे यहां पर्याप्त संख्या में ऐसे चिकित्सक हैं जो इस जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications